mochobastar.com
BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...

चेमल माइंस में चैन माउंट मशीन में आगजनी, दूसरी मशीन में तोड़फोड़; मौके पर मिला पर्चा


नक्सली वारदात या नक्सलियों की आड़ में आगजनी? पुलिस जांच में जुटी, एसपी बोले—पर्चा नक्सली पर्चे जैसा नहीं

कांकेर/भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर स्थित चेमल माइंस क्षेत्र में बीती देर रात अज्ञात लोगों ने आगजनी और तोड़फोड़ की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने एक चैन माउंट मशीन में आग लगा दी, जबकि दूसरी चैन माउंट मशीन में तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद माइंस प्रबंधन और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद मंगलवार सुबह संबंधित अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मौके पर मिला पर्चा, पुलिस ने नक्सली पर्चा होने से किया इनकार

घटनास्थल से एक पर्चा भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि कांकेर एसपी निखिल कुमार राखेचा ने स्पष्ट किया कि बरामद पर्चा नक्सली पर्चे जैसा नहीं है। उनके मुताबिक पर्चे में माइंस को बार-बार बंद किए जाने और उसे समय पर चलाने की बात लिखी गई है।

एसपी ने बताया कि घटना को लेकर संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किए जाने की बात कही गई है।

नक्सली कनेक्शन या किसी और वजह से वारदात?

मशीन में आगजनी और तोड़फोड़ के साथ मौके पर पर्चा मिलने से मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस ने इसे नक्सली वारदात नहीं माना है। पुलिस की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि आगजनी और तोड़फोड़ के पीछे कौन लोग हैं और उनका वास्तविक उद्देश्य क्या था।

पुलिस मौके से मिले पर्चे और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form