बस्तर की अनूठी परंपराओं और लोक आस्था से रूबरू होंगे राज्यपाल, महाराजा नवाखाई एवं महाराजा बाहर रहनी कार्यक्रम में आमंत्रण
रायपुर। बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का प्रतीक विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा एक बार फिर अपनी विशिष्ट परंपराओं के साथ आयोजन की ओर अग्रसर है। इसी क्रम में बस्तर राज परिवार के माटी पुजारी एवं रथपति महाराजा कमल चंद्र भंज देव ने मंगलवार को लोक भवन में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य भेंट की।
इस दौरान महाराजा कमल चंद्र भंज देव ने राज्यपाल को बस्तर के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध बस्तर दशहरा उत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने विशेष रूप से दशहरा उत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले महाराजा नवाखाई एवं महाराजा बाहर रहनी कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए राज्यपाल को आमंत्रित किया।
महाराजा भंज देव ने राज्यपाल को बस्तर दशहरा की विशिष्ट धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक मान्यताओं की जानकारी दी। साथ ही दशहरा उत्सव के दौरान होने वाले विभिन्न महत्वपूर्ण आयोजनों और सदियों पुरानी परंपराओं के बारे में भी विस्तार से बताया।
राज्यपाल रमेन डेका ने आमंत्रण के लिए महाराजा कमल चंद्र भंज देव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बस्तर दशहरा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और लोक आस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसकी अनूठी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया में विशिष्ट पहचान प्रदान करती हैं।
बस्तर दशहरा केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि बस्तर की आस्था, परंपरा, संस्कृति और राजपरिवार से जुड़ी ऐतिहासिक विरासत का जीवंत स्वरूप माना जाता है। राज्यपाल को दिए गए इस निमंत्रण से इस वर्ष के दशहरा आयोजन को लेकर भी विशेष उत्सुकता देखी जा रही है।