mochobastar.com
BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...

दंतेवाड़ा :- युवा व्यापारी संजय जैन का हृदयाघात से निधन, बचेली में शोक की लहर।


मिलनसार और हंसमुख ‘संजू’ के अचानक चले जाने से स्तब्ध हुआ नगर, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

बचेली। नगर के युवा व्यापारी संजय जैन (संजू) का 3 अक्टूबर की शाम अचानक हृदयाघात के चलते निधन हो गया। सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए भरपूर प्रयास किया, लेकिन हृदयाघात की गंभीर स्थिति के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।

संजय जैन के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही बचेली नगर में शोक की लहर दौड़ गई। मिलनसार, व्यवहारिक और हंसमुख स्वभाव के संजय जैन अपने परिचितों के बीच बेहद लोकप्रिय थे। उनके अचानक चले जाने की खबर से परिवार, मित्रों, परिचितों और व्यापारी जगत में गहरा सदमा है।

संजय जैन के पिता श्री चम्पालाल जैन लंबे समय से बचेली में व्यापार से जुड़े हुए हैं। उन्होंने उस दौर से व्यापारिक गतिविधियों में योगदान दिया, जब बचेली में आज जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। जैन परिवार का नगर के व्यापारिक और सामाजिक क्षेत्र में लंबे समय से जुड़ाव रहा है।

संजय जैन के निधन की खबर फैलते ही दंतेवाड़ा जिले के साथ आसपास के क्षेत्रों और पड़ोसी राज्यों से उनके परिचित एवं रिश्तेदार बचेली स्थित उनके निवास पहुंचे। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।

संजय जैन के प्रति सम्मान और आत्मीयता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नगर के कई व्यापारियों ने अपनी-अपनी संस्थानें बंद रखकर उनकी अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता, मित्र, परिचित और नगरवासी शामिल हुए।

संजय जैन का यूं अचानक चले जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके परिचितों का कहना है कि इंसान भले ही इस दुनिया से चला जाता है, लेकिन उसका व्यवहार, अपनापन और सरल एवं हंसमुख व्यक्तित्व लोगों की यादों में हमेशा जीवित रहता है। संजय जैन भी अपने इसी आत्मीय व्यवहार के कारण लंबे समय तक लोगों के बीच याद किए जाते रहेंगे।

नगरवासियों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form