₹4.20 लाख के गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार, बिक्री के लिए रखा था नशीला पदार्थ
किरंदुल। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के घर से 8 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत ₹4 लाख 20 हजार बताई गई है। पुलिस ने गांजा बिक्री के लिए रखने के आरोप में 42 वर्षीय शंकर घोष को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर 2026 को किरंदुल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 04, बंगाली कैम्प, राधाकृष्ण मंदिर के पास रहने वाले शंकर घोष ने अपने घर में बिक्री के लिए गांजा छिपाकर रखा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय यादव के निर्देशन में उप निरीक्षक हेम शंकर गुनेन्द्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक बोरी में गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर कुल वजन 8 किलो 400 ग्राम निकला।
पुलिस ने गांजा जब्त कर शंकर घोष पिता नंद लाल घोष, उम्र 42 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
एसपी के निर्देशन में लगातार कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा चंद्रमोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार खूंटे के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी किरंदुल अविनाश ठाकुर के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गांजे सहित अन्य अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
जप्ती:
- गांजा — 8 किलो 400 ग्राम
- अनुमानित कीमत — ₹4,20,000
- गिरफ्तार आरोपी — शंकर घोष, 42 वर्ष