mochobastar.com
BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...

सुकमा :- पोलावरम परियोजना के विरोध में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली, 7 सूत्री मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन।


कोन्टा में जुटे सैकड़ों ग्रामीण, आदिवासी हितों और पुनर्वास की मांग को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

कोन्टा, 5 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के अंतिम छोर कोन्टा में पोलावरम परियोजना के विरोध में कांग्रेस ने जन आक्रोश रैली और जनसभा का आयोजन किया। प्रदेश आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष जनक ध्रुव के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कोन्टा, दोरनापाल, गोलापल्ली समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला समूह, युवा कांग्रेस, NSUI और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।


जनसभा को संबोधित करते हुए जनक ध्रुव ने कहा कि कांग्रेस के अनुसार पोलावरम परियोजना से बस्तर के कई गांव प्रभावित हो सकते हैं और आदिवासी परिवारों की जमीन, जंगल तथा आजीविका पर असर पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाया जाएगा।

जिला कांग्रेस कमेटी सुकमा के अध्यक्ष हरीश लखमा कवासी ने कहा कि परियोजना से प्रभावित होने वाले परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे को लेकर सरकार को स्पष्ट नीति बनानी चाहिए। कांग्रेस ने कहा कि प्रभावित लोगों को विश्वास में लिए बिना परियोजना को आगे नहीं बढ़ाया जाना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर को 7 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। इसमें पोलावरम डूब क्षेत्र का पुनः सर्वे, प्रभावित परिवारों के लिए ठोस पुनर्वास एवं उचित मुआवजा, परियोजना पर रोक, वन अधिकार पट्टे, जेलों में बंद निर्दोष आदिवासियों की रिहाई, स्थानीय भर्ती में बेरोजगारों को प्राथमिकता और स्मार्ट मीटर हटाकर गांवों तक बिजली व्यवस्था पहुंचाने जैसी मांगें शामिल हैं।

कांग्रेस की 7 प्रमुख मांगें

  1. पोलावरम परियोजना से प्रभावित होने वाले डूब क्षेत्र का पुनः सर्वे कराया जाए।
  2. प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उचित मुआवजे की व्यवस्था होने तक बांध निर्माण रोका जाए।
  3. केंद्र सरकार हस्तक्षेप कर छत्तीसगढ़ के आदिवासी हितों की रक्षा करे।
  4. पात्र हितग्राहियों को नवीन वन अधिकार पट्टे प्रदान किए जाएं।
  5. जेलों में बंद निर्दोष आदिवासियों की रिहाई की जाए।
  6. स्थानीय भर्ती में बेरोजगारों को प्राथमिकता देने के साथ बेरोजगारी भत्ता दिया जाए।
  7. स्मार्ट मीटर हटाकर गांवों तक बेहतर बिजली व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

प्रदर्शन में बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी, राष्ट्रीय महिला कांग्रेस सचिव तूलिका कर्मा, आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष वेको हुंगा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कोंटा शेख नूरा अली सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में बस्तर में आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form