mochobastar.com
BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...

बीजापुर :- एकलव्य विद्यालय मामले में सिर्फ शिक्षक पर कार्रवाई से भड़का आदिवासी समाज, प्राचार्य पर FIR की मांग।


10-15 दिन का अल्टीमेटम: कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन, चक्काजाम और कलेक्ट्रेट घेराव की चेतावनी

भोपालपट्टनम, 4 अक्टूबर 2026। बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम क्षेत्र स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय कन्या विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित अभद्रता एवं प्रताड़ना के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। मामले में केवल शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने से सर्व आदिवासी समाज और स्थानीय नागरिकों में नाराजगी बढ़ गई है। समाज ने विद्यालय के प्राचार्य के खिलाफ भी तत्काल कानूनी कार्रवाई और FIR दर्ज करने की मांग उठाई है।

सर्व आदिवासी समाज, जिला बीजापुर की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया गया है कि गंभीर मामले में केवल शिक्षक पर कार्रवाई कर मुख्य जिम्मेदार प्राचार्य को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। समाज ने इस मामले में निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

प्राचार्य के निलंबन और FIR की मांग

समाज का कहना है कि आवासीय विद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा, अनुशासन और देखरेख की प्रशासनिक जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन एवं प्राचार्य की होती है। ऐसे में घटना के बाद प्राचार्य के खिलाफ अब तक निलंबन अथवा कानूनी कार्रवाई नहीं होने पर समाज ने नाराजगी जताई है।

सर्व आदिवासी समाज ने मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राचार्य को तत्काल निलंबित किया जाए तथा उनके विरुद्ध FIR दर्ज कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

‘रसूखदारों के दबाव में बचाव’ का लगाया आरोप

समाज ने आरोप लगाया है कि प्रभावशाली लोगों के दबाव अथवा संरक्षण के कारण प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। समाज ने मांग की है कि मामले की जांच किसी उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष एजेंसी से कराई जाए, ताकि वास्तविक तथ्यों का सामने आ सकें और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित हो।

‘बेटियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं’

समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि आदिवासी बाहुल्य और संवेदनशील क्षेत्रों में छात्राओं को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। यदि ऐसे संस्थानों में ही छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होंगे, तो अभिभावकों का भरोसा प्रभावित होगा।

समाज ने स्पष्ट किया है कि छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

10 से 15 दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी

सर्व आदिवासी समाज और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रशासन को 10 से 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि इस अवधि में प्राचार्य के खिलाफ FIR दर्ज कर उन्हें निलंबित नहीं किया गया, तो समाज आंदोलन का रास्ता अपनाएगा।

समाज ने चेतावनी दी है कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में उग्र आंदोलन, चक्काजाम और कलेक्ट्रेट घेराव किया जा सकता है।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि बेटियों के सम्मान और न्याय की लड़ाई में पूरा समाज एकजुट है और जब तक मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form