वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए नए विचारों को मिलेगा मंच, 17 अक्टूबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
भांसी, 07 अक्टूबर 2026। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, दंतेवाड़ा के तत्वावधान में एनएमडीसी डीएवी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, भांसी में बुधवार को “सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026” को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ITI प्रशिक्षार्थियों में नवाचार, रचनात्मक सोच, समस्या समाधान, तकनीकी दक्षता और उद्यमिता की भावना को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, दंतेवाड़ा के महाप्रबंधक रविशंकर नेताम एवं प्रबंधक डी.आर. कुर्रे विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को चैलेंज के उद्देश्य, आवेदन प्रक्रिया और भागीदारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
प्रशिक्षार्थियों को बताया गया कि चैलेंज के तहत समाज, शासकीय सेवाओं अथवा उद्योगों से जुड़ी वास्तविक समस्याओं की पहचान कर उनके लिए नवीन, उपयोगी, किफायती और व्यवहारिक समाधान प्रस्तुत करना है। साथ ही समस्या से प्रभावित लोगों, उपलब्ध आंकड़ों, वर्तमान व्यवस्था की कमियों तथा प्रस्तावित समाधान के संभावित प्रभाव को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि बेहतर नवाचार के माध्यम से लोगों को लाभ पहुंचाने के साथ लागत एवं समय की बचत, रोजगार के अवसर, सुरक्षा, समावेशन और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। सफल समाधानों को अन्य जिलों एवं राज्यों में लागू किए जाने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।
चैलेंज में आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। इच्छुक एवं योग्य प्रशिक्षार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन के लिए क्लिक https://sevainnovationchallenge.in/
महाप्रबंधक रविशंकर नेताम ने प्रशिक्षार्थियों से अपने आसपास की वास्तविक समस्याओं को पहचानकर तकनीकी ज्ञान और कौशल के माध्यम से उनके समाधान विकसित करने तथा चैलेंज में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन ड्राइंग अनुदेशक सत्यम कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में प्रशिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और नवाचार एवं समस्या समाधान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।