mochobastar.com
BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...

सर्व रविदास समाज द्वारा बचेली में धूमधाम से मनाया गया समाज का स्थापना दिवस।


एकजुटता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का दिया संदेश, महापुरुषों के विचारों को आत्मसात करने का लिया संकल्प। 

बचेली (दंतेवाड़ा)। सर्व रविदास समाज छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में ब्लॉक बचेली, जिला दंतेवाड़ा, बस्तर संभाग में संगठन का प्रथम स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संभागीय अध्यक्ष श्री तुलेश खरे ने की।

समारोह का शुभारंभ भगवान बुद्ध, संत शिरोमणि गुरु रविदास जी एवं भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के छायाचित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि सहित उपस्थित पदाधिकारियों एवं समाज के सदस्यों का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के प्रमुख वक्ता श्री भूनेन वारेकर ने सर्व रविदास समाज छत्तीसगढ़ की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए संगठन के प्रयासों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समाज की निरंतर मांग एवं प्रयासों के फलस्वरूप संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश, जयंती के अवसर पर मांस-मदिरा की दुकानों पर प्रतिबंध, नवा रायपुर में भव्य रविदास चौक की स्थापना, रविदास जी के नाम पर समरसता अलंकरण पुरस्कार तथा नवीन विधानसभा भवन की दीवारों पर संत रविदास जी की वाणी अंकित किए जाने जैसी महत्वपूर्ण मांगों को पूरा किया गया है। इन उपलब्धियों से छत्तीसगढ़ के रविदास समाज में हर्ष एवं उत्साह का माहौल है।

समारोह में मुख्य अतिथि एवं उपस्थित वक्ताओं ने समाज के सर्वांगीण विकास के लिए एकता और संगठित प्रयासों को आवश्यक बताया। वक्ताओं ने कहा कि समाज को अपने महापुरुषों के विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता, भाईचारे और जागरूकता को बढ़ावा देना चाहिए।

इस अवसर पर शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही समाज के सम्मान, स्वाभिमान और प्रगति का सबसे सशक्त माध्यम है। प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से शिक्षित करने के लिए आगे आना चाहिए। साथ ही समाज में व्याप्त अंधविश्वास, पाखंड एवं कुरीतियों को समाप्त करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता बताई गई।

वक्ताओं ने कहा कि जब समाज शिक्षित, संगठित और जागरूक होगा, तभी उसका चहुंमुखी विकास संभव हो सकेगा।

कार्यक्रम का सफल संचालन श्री भूनेन वारेकर ने किया। समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों, पदाधिकारियों एवं समाज के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

स्थापना दिवस समारोह में समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति और सहयोग सराहनीय रहा। कार्यक्रम ने समाज में एकता, शिक्षा, सामाजिक समरसता और महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का सकारात्मक संदेश दिया।


Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form