mochobastar.com
BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...

गुरु नानक देव जी की जयंती पर बचेली में निकला भव्य नगर कीर्तन, गुरुवाणी से गूंजा शहर; अरदास के बाद हुआ लंगर।



बचेली। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की जयंती के पावन अवसर पर आज बचेली में सिख समुदाय द्वारा श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन में सिख समाज सहित शहर के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे नगर का वातावरण गुरुवाणी, कीर्तन और वाहेगुरु के जयकारों से भक्तिमय हो उठा।

नगर कीर्तन का शुभारंभ गुरुद्वारा साहिब से हुआ। इसके बाद नगर कीर्तन अंधेरी घड़ी चौक, हाईटेक कॉलोनी, सुभाष नगर होते हुए मुख्य मार्ग से निकला और पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता निभाई। मार्ग में जगह-जगह संगत की ओर से श्रद्धालुओं के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था की गई, जो सेवा और समर्पण की भावना का सुंदर उदाहरण रही।

नगर कीर्तन में समाज के सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। गुरु नानक देव जी के बताए प्रेम, समानता, भाईचारे, मानवता और निस्वार्थ सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

नगर कीर्तन की समाप्ति के पश्चात गुरुद्वारा साहिब में अरदास की गई। इसके बाद रात्रि में श्रद्धालुओं एवं संगत के लिए गुरु का लंगर बरताया गया, जिसमें सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।

गौरतलब है कि गुरु नानक देव जी ने 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' का संदेश देकर समाज को ईश्वर स्मरण, ईमानदारी से मेहनत और मिल-बांटकर खाने की प्रेरणा दी। बचेली में आयोजित इस नगर कीर्तन ने एक बार फिर सेवा, समर्पण, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की सुंदर मिसाल पेश की।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form