mochobastar.com
BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...

बस्तर के 133 आंगनबाड़ी केंद्रों में सजा ‘आंगन मिलन’, माताओं को मिला ‘पोषण शक्ति सम्मान’


स्वास्थ्य जांच से लेकर पौष्टिक व्यंजनों तक—महिलाओं और बच्चों के पोषण पर रहा विशेष जोर

जगदलपुर,जिले में 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को जिले की सभी 09 बाल विकास परियोजनाओं के अंतर्गत आने वाले 133 आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न गतिविधियों के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की राशि का सदुपयोग स्वयं तथा बच्चों के बेहतर पोषण के लिए करने वाली जागरूक माताओं को ‘पोषण शक्ति सम्मान’ प्रदान कर सम्मानित किया गया।

आयोजन के दौरान गर्भवती महिलाओं, माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य की व्यापक जांच की गई तथा आवश्यक टीकाकरण भी किया गया। जनसमुदाय को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करने के लिए पोषण थाली और पौष्टिक व्यंजन तैयार करने की विधियों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।

महिलाओं और बच्चों की सहभागिता बढ़ाने के लिए मेहंदी, रंगोली और ‘स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता’ जैसी रचनात्मक एवं स्वास्थ्यपरक गतिविधियां आयोजित की गईं। वहीं, सामुदायिक न्योता भोज के माध्यम से सामुदायिक सहभागिता और आपसी जुड़ाव को बढ़ावा दिया गया।

आयोजन में 151 अतिथियों, 153 वक्ताओं, 2,032 महिलाओं, 1,916 बच्चों और 1,276 पुरुषों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान सहभागिता और जागरूकता के लिए कुल 276 लोगों को सम्मानित किया गया।

‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण जागरूकता तथा सामुदायिक सहभागिता को एक साथ बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form