mochobastar.com
BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...

नक्सल मुक्त बस्तर के बाद दिव्यांगजनों के लिए पहला महाशिविर, IED ब्लास्ट में अंग गंवाने वालों को मिलेंगे कृत्रिम अंग


5 से 7 अक्टूबर तक जगदलपुर में लगेगा मेगा कैंप, बस्तर समेत चार जिलों के दिव्यांगजनों को मिलेगा निःशुल्क कृत्रिम अंग और सहायक उपकरणों का लाभ

जगदलपुर। नक्सल हिंसा के दौर में IED विस्फोट और अन्य घटनाओं में अपने हाथ-पैर गंवाने वाले लोगों के लिए राहत और नई उम्मीद की पहल सामने आई है। नक्सल मुक्त बस्तर के बाद दिव्यांगजनों के लिए पहली बार विशेष महाशिविर का आयोजन जगदलपुर में किया जा रहा है। धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में 5 से 7 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस मेगा कैंप में दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार निःशुल्क कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस विशेष शिविर का लाभ केवल बस्तर जिले के हितग्राहियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कोंडागांव, कांकेर और नारायणपुर जिले के पात्र दिव्यांगजन भी इसका लाभ उठा सकेंगे। शिविर में नक्सल हिंसा के दौरान IED ब्लास्ट सहित अन्य घटनाओं में अपने अंग गंवाने वाले लोगों को प्राथमिकता के आधार पर कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

जरूरत के मुताबिक मिलेंगे कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण

शिविर में दिव्यांगजनों की शारीरिक जरूरत और परीक्षण के आधार पर विभिन्न प्रकार के उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें कृत्रिम पैर, कृत्रिम हाथ, कैलिपर्स, बैसाखी, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, वॉकर और श्रवण यंत्र सहित अन्य सहायक उपकरण शामिल हैं।

नए उपकरण उपलब्ध कराने से पहले हितग्राहियों का परीक्षण किया जाएगा, ताकि उन्हें उनकी जरूरत के अनुरूप सही उपकरण उपलब्ध कराया जा सके। इसके साथ ही पहले से सहायक उपकरण का उपयोग कर रहे दिव्यांगजनों के पुराने उपकरणों की मरम्मत की सुविधा भी शिविर में उपलब्ध रहेगी।

आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन की दिशा में पहल

महाशिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को रोजमर्रा के कार्यों में अधिक आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग प्रदान करना है। खास तौर पर नक्सल हिंसा के दौरान अपने अंग गंवाने वाले लोगों के लिए यह शिविर पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण सहायता साबित हो सकता है।

भोजन और ठहरने की निःशुल्क व्यवस्था

दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले दिव्यांग हितग्राहियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर में निःशुल्क भोजन और ठहरने की व्यवस्था भी की गई है। जरूरत पड़ने पर हितग्राही अपने साथ एक अटेंडेंट भी ला सकते हैं।

हितग्राहियों को शिविर स्थल तक लाने और शिविर के बाद वापस पहुंचाने के लिए संबंधित प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक व्यवस्था की जाएगी। शिविर की जानकारी अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय और संबंधित विभागों के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

ये दस्तावेज लेकर पहुंचें हितग्राही

शिविर में लाभ लेने के लिए हितग्राहियों को अपने साथ UDID कार्ड अथवा दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज की दो फोटो लाना आवश्यक होगा।

यह महाशिविर भारतीय जैन संगठन, भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर और NSE Foundation के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन में जिला प्रशासन की भी भूमिका है।

नक्सल हिंसा में अपनों को खोने और अंग गंवाने वाले लोगों के लिए यह महाशिविर केवल उपकरण उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके जीवन को फिर से आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाने की एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form