mochobastar.com
BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...

पेट्रोल पंप में आग लगाने की कोशिश, माचिस लेकर पहुंचा संदिग्ध… CCTV में कैद हुई पूरी वारदात।


 

दो बाइकों में लगाई आग, पेट्रोल-डीजल नोजल को भी जलाने का प्रयास; बड़ा हादसा टला, पुलिस ने दर्ज किया मामला

मगरलोड। धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप को आग के हवाले करने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आधी रात को एक अज्ञात व्यक्ति पेट्रोल पंप पहुंचा और कर्मचारियों से गाली-गलौज करने के बाद वहां खड़ी दो मोटरसाइकिलों में आग लगा दी। इसके बाद संदिग्ध ने पेट्रोल पंप की मशीन और नोजल में भी आग लगाने की कोशिश की। पूरी वारदात पेट्रोल पंप में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

मामला मेघा स्थित माता रानी फ्यूल्स का है। पुलिस के अनुसार एक और दो अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब 11:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति पेट्रोल पंप पहुंचा और कर्मचारियों से गाली-गलौज करने के बाद वहां से चला गया। करीब डेढ़ बजे वही संदिग्ध दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचा।

बताया गया कि संदिग्ध पेट्रोल-डीजल मशीन के पास खड़ी कर्मचारियों की मोटरसाइकिलों के पास गया और माचिस की मदद से कर्मचारी एकलव्य यादव की बाइक की डिक्की में आग लगा दी। इसके बाद उसने दूसरी मोटरसाइकिल को भी आग के हवाले कर दिया।

इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास रहने वाले कृपाराम की नजर जलती हुई मोटरसाइकिलों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पेट्रोल पंप कर्मचारियों को जगाया। कर्मचारियों ने अग्निशामक यंत्र की मदद से आग पर काबू पाया।

आगजनी की इस घटना में दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह जल गईं। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना आग पेट्रोल-डीजल के नोजल या आसपास मौजूद ज्वलनशील सामग्री तक पहुंचने पर बड़ा हादसा हो सकता था।

CCTV में कैद हुई संदिग्ध की हरकत

घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां कैद बताई जा रही हैं। फुटेज में उसके द्वारा बाइक में आग लगाने के साथ ही पेट्रोल पंप के नोजल के पास माचिस से आग लगाने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पेट्रोल पंप संचालक सुरेंद्र सिन्हा ने मगरलोड थाने में शिकायत दर्ज कराई और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। अब CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

एसपी भावना पांडेय के अनुसार, मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। संदिग्ध की पहचान होने के बाद उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form