मां दंतेश्वरी की पावन धरा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना, सेवा और सुशासन का संदेश
दंतेवाड़ा, 07 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की जनसेवा के अवसर पर जिले में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का भव्य आयोजन किया गया।
मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंढका डोबरा से मशाल प्रज्ज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए स्टेट बैंक चौक पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता, युवा, किसान, श्रमिक एवं नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, भाजपा जिला संगठन प्रभारी शिवनारायण पांडेय, विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता,पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल, रूबी शैलेन्द्र सिंह, सुभद्रा नेगी, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, सुकालू मुड़ामी, भाजपा जिला महामंत्री सत्यजीत चौहान, मुन्ना मरकाम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मां दंतेश्वरी की धरती से राष्ट्र निर्माण का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि मां दंतेश्वरी की पावन धरा से सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के दौरान विभिन्न जनसेवा एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही पूरा होगा। उन्होंने मां दंतेश्वरी की पावन भूमि से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
अंतिम पंक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा प्रेरणादायी है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा ही संगठन’ की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में युवाओं, किसानों, श्रमिकों और आम नागरिकों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।
सेवा चौक के निर्माण की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान इसी स्थल पर ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ के निर्माण की घोषणा भी की गई। सेवा चौक का उद्देश्य सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को स्थायी रूप से जनमानस से जोड़ना बताया गया।
सेवा ज्योति रथ के साथ निकली यात्रा में शामिल लोगों ने विकसित भारत-2047 के संकल्प को दोहराया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि, युवा तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।