जंगल की संपदा पर नजर रखने वालों पर वन विभाग की सख्ती, करीब 1.20 लाख की लकड़ी बरामद
सुकमा, 1 अक्टूबर 2026। सुकमा वनमंडल में अवैध काष्ठ कटाई, भंडारण और परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। तोंगपाल और कमलापदर में संयुक्त गश्त के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध रूप से रखा काष्ठ जब्त किया गया, वहीं सुकमा वन परिक्षेत्र में काष्ठ का अवैध परिवहन करते एक ऑटो को भी पकड़ा गया।
वन विभाग के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को तोंगपाल वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम तोंगपाल एवं कमलापदर में वनकर्मचारियों ने संयुक्त प्रातःकालीन गश्त की। इस दौरान अवैध रूप से भंडारित काष्ठ बरामद किया गया। कार्रवाई में साल चिरान/चौखट के 24 नग, जिसकी मात्रा 0.363 घनमीटर, तथा बीजा चिरान/फारा के 15 नग, जिसकी मात्रा 0.294 घनमीटर थी, जब्त किए गए। यहां कुल 39 नग और 0.657 घनमीटर काष्ठ बरामद हुआ।
तड़के 4:45 बजे पकड़ा गया काष्ठ परिवहन
इसी क्रम में सुकमा वन परिक्षेत्र में सुबह करीब 4:45 बजे वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से काष्ठ का परिवहन करते हुए ऑटो क्रमांक CG-18-K-8332 को पकड़ा। वाहन की जांच के दौरान उसमें सागौन काष्ठ के 9 नग, कुल 0.215 घनमीटर, बरामद हुआ। वन विभाग ने काष्ठ के साथ ऑटो को भी जब्त कर लिया।
एक दिन की कार्रवाई में 48 नग काष्ठ जब्त
दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर वन विभाग ने कुल 48 नग अवैध काष्ठ, जिसकी कुल मात्रा 0.872 घनमीटर है, जब्त किया है। जब्त काष्ठ की अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई है।
वन विभाग द्वारा जब्त काष्ठ एवं वाहन के संबंध में वन अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
अवैध कटाई और तस्करी पर लगातार निगरानी
सुकमा वनमंडल द्वारा वन संपदा की सुरक्षा के लिए नियमित गश्त और निगरानी जारी रखी जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध काष्ठ कटाई, भंडारण और परिवहन जैसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Tags
सुकमा