एक ग्रामीण के सीने, कंधे और पैर में गहरे जख्म; हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर
सुकमा, 1 अक्टूबर। सुकमा जिले के पोलमपल्ली क्षेत्र में भालू के हमले से हड़कंप मच गया। जंगल की ओर गए दो ग्रामीणों पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। हमले में दोनों ग्रामीण घायल हो गए, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक सामने आए भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में एक ग्रामीण के सीने, कंधे और पैर में गहरे जख्म आए हैं। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। बताया जा रहा है कि वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं। पहले बाघ की चहलकदमी की चर्चा के बाद अब भालू के हमले से ग्रामीणों में डर और दहशत का माहौल है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर जाने में सावधानी बरतने और सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।
Tags
सुकमा